Varanasi ( Live Lokvani )
एक दिन की आंधी ने वाराणसी के तापमान को करीब 8-10°C घटा दिया था। मगर, फिर से तापमान ऊपर चढ़ने लगा है। सोमवार के आंधी-तूफान के बाद अब फिर से वाराणसी में तेज धूप, गर्मी और उमस का सितम बढ़ने लगा है। बीते दो दिन में तापमान 3-4°C बढ़ गया है। हालांकि आंधी के बाद से वाराणसी की हवा काफी साफ हो गई है। AQI 55 अंक पर पहुंच गया है। फिलहाल, मौसम की मार से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है।
BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तापमान बढ़कर फिर से पहले जैसे हो जाएगा। इसमें 2-3 दिन का समय लगेगा। उनका मानना है कि अब आसमान से पानी नहीं अंगारे बरस सकते हैं। प्री-मानसून जैसी स्थिति पूर्वांचल क्षेत्र में है ही नहीं। इन दिनों दोपहर में तो प्रचंड धूप से हालत बेहाल हो जा रहा है।
मंगलवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 36°C, तो वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 °C पर दर्ज किया गया है। हवा बिल्कुल शांत है। उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब बारिश की दूर-दूर तक कोई उम्मीद नहीं है। बीते कई दिनों से गंगा का जलस्तर कम होता जा रहा है। आज जलस्तर 58.66 मीटर रहा। वाराणसी के घाटों से देखने पर गंगा की चौड़ाई काफी कम लगने लगी है।