Varanasi (Livelokvani)
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के प्रायोगिक औषधि एवं शल्य अनुशंधान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. संतोष कुमार सिंह को इनोवेटिव एवं ट्रेडिसनल माध्यम से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रसार में अतिमहत्वपूर्ण योगदान के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार ने राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया है।
यह पुरस्कार 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार सम्मान समारोह में दिया जाएगा। कार्यक्रम में डा. सिंह को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र के साथ दो लाख रुपया भी सम्मान के रूप में दिया जाएगा। यह जानकारी डॉ संतोष कुमार सिंह ने दी।
समाज के विभिन्न क्षेत्रो में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की उपयोगिता को प्रभावी बनाने के लिए एवं आम जनमानस में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए डा. संतोष कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में ग्रामीण छात्रों एवं किसानों के लिए वैज्ञानिक जागरूकता के लिए सघन अभियान चला रहे हैं।
डा. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जीवन के हर क्षेत्र में विज्ञान की उपयोगिता है। बिना वैज्ञानिक सोच को विकसित किए समाज का विकास सम्भव नही है।डॉ संतोष सिंह ने बताया कि यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मिलेगा।