Varanasi (Live Lokvani)
मेडिकल स्टोर से लोगों के सामने कंडोम खरीदने में जिन लोगों को संकोच या हिचकिचाहट होती थी उनके लिए राहत की बात है। इसके लिए सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर कंडोम पेटिका (कंडोम बाक्स) की व्यवस्था की गयी है। यहां से कभी भी निःशुल्क कंडोम प्राप्त किया जा सकता है। इस व्यवस्था से जहां एक ओर लोगों को शर्म और संकोच का सामना नहीं करना पड़ेगा वहीं उनकी जेब भी ढीली नहीं होगी और महिलाओं को अनचाहे गर्भ से छुटकारा भी मिलेगा।
जनपद के प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर लकड़ी से बने बॉक्स में कंडोम के पैकेट भरकर ऐसी जगह लगाये गए हैं, जहां सभी की पहुँच भी हो और उनकी गोपनीयता भी बनी रहे। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध है और यहां से कभी भी निःशुल्क कंडोम प्राप्त किया जा सकता है। कंडोम बॉक्स खाली होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता पुनः इसे भर देते हैं और यह चक्र चलता रहता है।
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि ब्लॉक पीएचसी, सीएचसी हाथी, अतिरिक्त पीएचसी पचवार व भगवानपुर सहित 34 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर कंडोम बॉक्स उपलब्ध हैं। साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ यतीश भुवन पाठक ने परिवार कल्याण कायर्क्रम में सेवापुरी के सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर सौ फीसदी कंडोम बॉक्स उपलब्धता व कंडोम लाजस्टिक की आपुर्ति सुनिश्चित करते हुए आदर्श ब्लॉक की अवधारणा को साकार किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी का कहना है कि गर्भावस्था को रोकने के साथ ही संक्रमण को रोकना और यौन व प्रजनन स्वच्छता में सुधार करना पुरुष की भी जिम्मेदारी है।
सेवापुरी ब्लॉक के 30 वर्षीय अमरेश की शादी को तीन साल हो गए हैं। उनका एक साल का एक बच्चा है और अभी वह बच्चा नहीं चाहते हैं। इसके लिए वह पिछले दो वर्षों से कंडोम का उपयोग कर रहे हैं। विनोद कुमार (32) कहते हैं कि कभी- कभी दुकान या मेडिकल स्टोर पर कंडोम खरीदने में हिचकिचाहट होती थी तो कभी पैसे न होने पर इसे खरीद नहीं पाता था। ऐसे में गर्भधारण का जोखिम बना रहता था। अस्पताल में कंडोम पेटिका लग जाने से इसे 24 घंटे में कभी भी प्राप्त किया जा सकता है और गोपनीयता भी बनी रहती है।