Varanasi (Livelokvani)
उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू परिवार के साथ दो दिवसीय काशी यात्रा पर शुक्रवार शाम छह बजकर पांच मिनट पर पहुंचे। अयोध्या से दर्शन-पूजन के बाद ट्रेन से बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचे। ट्रेन कैंट स्टेशन स्थित प्लेटफार्म नंबर चार पर आई। शाम को गंगा आरती में शामिल हुए। स्टेशन पर वाराणसी पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, मेयर मृदुला जायसवाल, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव बनारस स्टेंशन स्वागत के लिए पहुंचे। स्टेशन परिसर में भरतनाट्यम, अयोध्या रामरथ फरवारी नृत्य, गाजीपुर का धोबिया नृत्य, बुंदेलखंड का राई लोकनृत्य के साथ कलाकारों ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और यूपी के राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का स्वागत किया। गंगा आरती देखने के बाद उपराष्ट्रपति और उनका परिवार बरेका गेस्ट हाउस के लिए प्रस्थान किए। बरेका गेस्ट हाउस में कुछ देर रुकने के बाद उप राष्ट्रपति का काफिला दशाश्वमेध घाट के लिए रवाना हुआ। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में सपरिवार शामिल हुए।
मां गंगा का पूजन-अर्चन
दशाश्वमेध घाट पर उप राष्ट्रपति के पहुंचते ही काशीवासियों ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिवादन दोनों हाथ उठाकर हर-हर महादेव के उद्घोष से किया। सर्वप्रथम उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सपत्नी घाट के मड़ी से वैदिक मंत्रोचारण के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन करके मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। उपराष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी एम.उषा नायडु गंगा आरती का दीदार कर भाव विभोर हो रोमांचित एवं आह्लादित हुए। लगभग 55 मिनट की होने वाले इस गंगा आरती को पूरी श्रंद्धा एवं भक्तिभाव के साथ देखा। इस दौरान दशाश्वमेध सहित आसपास के गंगा घाटों पर सुरक्षा की मुकम्मल एवं चाक चौबंद इंतजाम सुनिश्चित कराए गए।
राज्यपाल और डिप्टी सीएम रहे साथ
इस दौरान उपराष्ट्रपति के संग राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा मौजूद रहे।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे
शनिवार को वह श्रीकाशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव के दरबार में मत्था टेकेंगे और बाबा का धाम देखेंगे। इसके बाद वह चंदौली जिले के पड़ाव स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे। स्मृति स्थल में उप राष्ट्रपति पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित 3-डी फिल्म देखने के साथ ही संग्रहालय को देखेंगे। इसके बाद वह बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आएंगे और वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
अंगवस्त्रम और रुद्राक्ष की माला किया भेंट
गंगा सेवा निधि के प्रधान अर्चक आचार्य रणधीर पांडेय द्वारा माँ गंगा की वैदिक रीति से उपराष्ट्रपति का पूजन कराया। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व उप मुख्यमंत्री ने भी पूजन किया। एक घण्टे से भी ज्यादा समय तक दशाश्वमेध घाट पर मौजूद रहे। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा द्वारा उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्रम व रुद्राक्ष की माला प्रसाद से स्वागत किया गया। कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी द्वारा महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का अंग वस्त्रम व रुद्राक्ष की माला प्रसाद, सचिव सुरजीत सिंह ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक का अंग वस्त्रम व रुद्राक्ष की माला प्रसाद से स्वागत किया। हनुमान यादव आदि उपस्थित थे।