Varanasi (Livelokvani)
बनारस में अब चार दिन तक लू का कहर होगा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लू की वजह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है। उस दौरान धधकती गर्मी के बीच आग माफिक हवा भी होगी। यह लोगों को कफी हद तक झुलसा सकती है। बहरहाल आज सुबह वाराणसी का औसत तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं दिन में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी अभी सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक और वहीं रात का तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इस समय वाराणसी में हवा की स्पीड 9 किलोमीटर प्रति घंटे है जो कि दोपहर तक 20 किमी प्रति घंटे तक भी हो सकती है। इसके साथ ही हवा में नमी 32% तक दर्ज किया गया है।
चुभती गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। इस समय बाहर निकलना किसी सजा से कम नहीं लग रही है। धूप में 10 सेकेंड भी खड़े रह पाना मुनासिब नहीं है। बाहर निकलते वक्त शरीर को पूरी तरह से कवर करें, नहीं तो स्कीन संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं। इसके साथ ही खाने-पीने में हाइजीन का विशेष ध्यान रखा जाए। इस समय भोजन पचाने में दिक्कतें आती हैं इसलिए गरिष्ठ भोजन छोड़ सुपाच्य पर आए। हल्का-फुल्का खाकर काम चलाएं।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे अप्रैल भर गर्मी का असर काफी ज्यादा होगा। हालांकि प्री-मानसून वाली स्थिति मई में बन सकती है। फिलहाल तो राजस्थान की तरह से सूखी गर्मी का कहर हम लोग झेल रहे हैं।