Varanasi (Livelokvani)
मौसम तेजी से करवट ले रहा है। रविवार की रात गर्मी का प्रकोप थोड़ा कम रहा। वहीं, सोमवार की सुबह सूर्य देव की किरणे तेज रही। कड़ी धूप से जनजीवन बेहाल रहा। जिले में अधिकतम तापमान 43° सेल्सियस को पार कर चुका है, वहीं रात का तापमान पिछले दिन के मुकाबले 1° सेल्सियस कम होकर 24° सेल्सियस पर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 4° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2°सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
रविवार की सुबह धूप निकलने के बाद बादलों का कुछ पता नहीं चला। जैसे-जैसे धूप तीखी हो रही है वैसे-वैसे हवा भी गर्म थपेड़ों में बदलती जा रही। दिन के 10 बजते ही जैसे सूरज भगवान आग बरसाने लगते हैं और शहर की बिल्डिंगें गर्म होकर तपाने लगती हैं। गांवों के मुकाबले शहरों में गर्मी कुछ ज्यादा ही है। मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी कर बताया है कि 19 और 20 अप्रैल को लू का असर रहेगा। इससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद हल्के-हल्के बादल भी छा सकते हैं। इस समय वाराणसी में 7 किलोमीटर की गति से हवा बह रही है। वहीं इनमें नमी महज 42% तक पहुंच गई है। बादल की वजह से नमी वृद्धि देखी जा रही है। इससे पहले शनिवार तक 15% तक ही नमी थी।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन बाद भयंकर वाली लू चलने की उम्मीद है। इससे मैदानी इलाकों का पारा करीब 2-3°C की उछाल ले सकता है। लोगों को अभी से ही इससे बचने के उपाय कर लेने चाहिए। बाहर निकलते समय चेहरे, सिर और शरीर को अच्छी तरह से कवर करें। बाहर ठंडा पानी पीने से बचें। धूप में खड़े होकर कुछ भी न खाए-पीए।