Varanasi (Live Lokvani)
मानसून की पहली फुहार से शनिवार को मौसम खुशनुमा हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से परेशान बनारसियों को राहत मिली। दोपहर बाद हुई झमाझम बरसात से से मौसम सुहाना हो गया। तापमान में भी गिरावट हुई। आम नागरिकों के साथ ही साथ किसानों के चेहरे पर भी खुशी देखने को मिली। सुबह के समय धूप निकली हुई थी। उसके बाद दोपहर को आसमान में बादल छा गए। उसके बाद बरसात शुरू हो गई।
सड़कों पर चलने वाली गाड़ियों की हेडलाइट्स भी चालू दिखे। शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब घंटेभर तक हुई रिमझिम बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने खूब सुकून दिया। बच्चों की टोलियां बारिश के पानी में अठखेलियां करती नजर आईं।
सीजन की पहली बारिश ने महीनों की गर्मी को जैसे खत्म कर दिया हो। बारिश से पहले हवा इतनी तेजी चली कि कई स्थानों से टिन शेड उड़ गए। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की सूचना भी प्राप्त हुई। किसानों का मानना है कि धान की नर्सरी के साथ ही मानसूनी बारिश शुभ संकेत है। मानसून खूब बरसे तो धान एवं अन्य फसलों के सोने पे सुहागे वाली बात होगी।
कई जगह अच्छी बारिश होने से कच्चे रास्ते जहां कीचड़ से भर गए, वहीं हाईवे पर फिसलन बढ़ गई। बारिश के चलते दो-पहिया वाहन चालक दुकानों के आस-पास अपने वाहन खड़े कर दुबके रहे। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल इस सप्ताह तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।